17 ग्राम हेरोइन सहित चार गिरफ्तार, एक की तलाश
हनुमानगढ़ जिले में नोहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो कार्रवाइयों में चार युवकों को 17 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। इन तस्करों से की गई पूछताछ के बाद एक और युवक को हेरोइन तस्करी में लिप्त होने के आरोप में नामजद किया गया है, जोकि फरार है। इसके अलावा एक अन्य कार्यवाही में साडे 5 किलो पोस्त छोड़कर एक व्यक्ति फरार हो गया, जब पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार नोहर थाना पुलिस ने कल देर शाम को चक 6 आरपीएम, जसाना निवासी राजेंद्र (32) पुत्र मांगीलाल जाट और गोविंद (21) पुत्र भूपसिंह जाट को 6 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ से पता चला कि विनोद पुत्र मंगतूराम से दोनों हेरोइन लेकर आए हैं। कुछ देर बाद पुलिस ने विनोद (30) पुत्र मंगतूराम निवासी रुपावास, थाना नाथूसरी चौपटा, जिला सिरसा (हरियाणा) को एक अन्य युवक (21) पुत्र सुनील निवासी आदमपुर, जिला हिसार (हरियाणा) को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों के विरुद्ध अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार इन दोनों ने हनुमानगढ़ जिले में तलवाड़ा थाना क्षेत्र के गांव खिनानिया निवासी रॉकी से हेरोइन खरीदना बताया है। पुलिस ने रोकी को भी मुकदमे में नामजद किया है। राजेंद्र और गोविंद के विरुद्ध दर्ज किए गए मुकदमे की आगे जांच खुइयां थाना प्रभारी जगदीश कड़वासरा को सौंपी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों को आज कोर्ट में पेश करने पर 11 मई तक का रिमांड प्राप्त हुआ है। इस मामले में विनोद को जल्दी ही प्रोडक्शन वारंट जारी करवाकर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जाएगा। उधर, विनोद तथा अमन के विरुद्ध दर्ज किए गए एनडीपीएस एक्ट मामले की आगे जांच गोगामेडी थाना प्रभारी सुरेश मील को सौंपी गई है। श्री मील ने बताया कि इन दोनों का 11 मई तक का रिमांड मिला है। इस मामले में रॉकी निवासी खिनानिया की तलाश की जा रही है। एक अन्य कार्रवाई में संगरिया थाना क्षेत्र में कल देर शाम को पुलिस ने ढोल नगर गांव में गुरुदयाल पुत्र धर्माराम को पोस्त सहित पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग गया। पुलिस ने बताया कि गुरुदयाल मौके पर एक थैला छोड़ गया, जिसमें 5 किलो 500 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच थाना में सब इंस्पेक्टर पूर्ण सिंह को सौंपी गई है।

Post a Comment